चैनपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, शराब पीने के आरोप में युवक गिरफ्तार
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब पीने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान माधोपुर गांव निवासी पिंटू उपाध्याय के रूप में की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान आरोपी शराब के नशे की हालत में पाया गया, जिसके बाद उसे मौके से हिरासत में ले लिया गया। नियमानुसार मेडिकल जांच कराते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के उपरांत सिवान न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और इसके उल्लंघन पर किसी भी सूरत में ढील नहीं दी जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय और आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
