केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में प्रशासनिक सख्ती, कलेक्टर व एसपी ने किया संयुक्त वार्षिक निरीक्षण
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर का संयुक्त रूप से वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था को परखते हुए तकनीकी शाखा, हवालाती शाखा, कल्याण शाखा, फोन व्यवस्था तथा जाली मुलाकात प्रणाली का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझते हुए आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा की।
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जेल परिसर में संचालित दरी, चादर एवं फर्नीचर निर्माण कारखानों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां कार्यरत बंदियों से बातचीत कर उत्पादन प्रक्रिया, प्रशिक्षण व्यवस्था और कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली। साथ ही बंदियों के वार्डों में पहुंचकर उनसे भोजन, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संवाद किया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
इसके पश्चात अधिकारियों ने महिला जेल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने महिला बंदियों से स्वास्थ्य, भोजन और आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर ने महिला बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे जेल अवधि के दौरान अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए किसी प्रकार का कार्य या प्रशिक्षण करना चाहती हैं, तो प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक श्री अजमेर सिंह ठाकुर सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से जेल व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, मानवीय एवं सुधारात्मक बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि बंदियों के सुधार और पुनर्वास की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

