सिवान में प्रेम प्रसंग के शक में युवक की चाकू गोदकर हत्या, गांव में मातम और दहशत
सिवान (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के बाला गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या इतनी निर्मम थी कि पूरा गांव दहशत और सनसनी के माहौल में है। युवक का शव शनिवार सुबह गांव के पास स्थित गन्ने के खेत से बरामद हुआ।
मृतक की पहचान बाला गांव निवासी 20 वर्षीय दिनेश कुमार यादव, पिता सुरेंद्र यादव, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक का गांव की ही प्रियंका कुमारी से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात प्रियंका के भाई गुड्डू यादव और विपिन यादव ने युवक को गन्ने के खेत में घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की भनक लगते ही अनुमंडल डीएसपी अमन कुमार, लकड़ी नबीगंज थाना, बसंतपुर थाना और भगवानपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रेमिका प्रियंका कुमारी और उसकी मां लाली कुमारी को हिरासत में ले लिया है। वारदात को रोकने के दौरान प्रियंका के हाथ में भी चाकू लगने से चोट आई है, जिसका उपचार चल रहा है।
मुख्य आरोपी दोनों भाई—गुड्डू यादव और विपिन यादव—घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद बाला गांव में तनाव का माहौल है, पुलिस पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दे रही है।
--

