शीतलहर से राहत के लिए सिवान जिला प्रशासन अलर्ट, सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यापक व्यवस्था
सिवान (बिहार): बढ़ती ठंड और शीतलहर की गंभीर स्थिति को देखते हुए सिवान जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिलाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचलों में ठंड से बचाव के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। अंचलाधिकारियों, नगर परिषद सिवान तथा सभी नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों के माध्यम से प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस, विशेषकर गरीब, असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत प्रदान करना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अलाव की व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और आवश्यकता के अनुसार ईंधन की उपलब्धता बनाए रखें, ताकि किसी भी स्तर पर आम लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन द्वारा शीतलहर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि ठंड का प्रकोप और बढ़ता है, तो अतिरिक्त कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लोगों को यह सलाह दी गई है कि शीत से बचाव के लिए उपयोग किए जाने वाले उपकरण जैसे हीटर, गीजर और ब्लोअर का प्रयोग पूरी सावधानी के साथ करें। प्रशासन ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि सोने से पहले अलाव या अंगीठी को अवश्य बुझा दें और घर के बंद कमरे में कभी भी जलती हुई बोरसी या अंगीठी रखकर न सोएं, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिवान ने बताया कि जिला प्रशासन शीतलहर से बचाव के लिए निरंतर निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर आम जनता की सुरक्षा के लिए और भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

