लापरवाह फायरिंग का खौफनाक अंजाम, सिसवन में मासूम बच्चे को लगी गोली
सारण (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर पंचायत अंतर्गत मनरा गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर के आगे खेल रहे एक मासूम बच्चे को गोली लग गई। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घायल बच्चा मनरा गांव निवासी अनिल यादव का पांच वर्षीय पुत्र स्वीकृत कुमार बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्वीकृत कुमार अपने चार-पांच दोस्तों के साथ घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान ग्यासपुर मठिया गांव के छः-सात लोग पास में घोड़पड़ास मार रहे थे। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें इस तरह फायरिंग करने से मना किया, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। इसी लापरवाही के दौरान चली एक गोली सीधे खेल रहे बच्चे के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही बच्चा जोर से चिल्लाया, जिसे देखकर उसके साथी घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ बच्चे को इलाज के लिए सिसवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गोली पेट में लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है, जिससे बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद फायरिंग करने वाले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध हथियारों और लापरवाह फायरिंग की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है, जहां निर्दोष और मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में आमजन, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

