सिसवन के लाल डॉ. देव कृष्ण तिवारी बने उत्तराखंड शासन के सचिव, क्षेत्र में हर्ष
सिवान (बिहार): भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. देव कृष्ण तिवारी को उत्तराखंड शासन में सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से न केवल उत्तराखंड प्रशासनिक गलियारों में बल्कि बिहार के सिसवन प्रखंड सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। डॉ. देव कृष्ण तिवारी सिसवन प्रखंड के घुरघाट निवासी स्वर्गीय शत्रुघ्न तिवारी, जो पेशे से शिक्षक थे, के ज्येष्ठ पुत्र हैं।
डॉ. देव कृष्ण तिवारी एक अनुभवी और कुशल प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने अपर आयुक्त वाराणसी एवं अलीगढ़, मुख्य विकास अधिकारी सीतापुर और बदायूं, तथा मुख्य आयुक्त औद्योगिक विकास प्राधिकरण रुद्रपुर जैसे कई महत्वपूर्ण और जिम्मेदार पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है। वर्तमान में वे लघु, सूक्ष्म उद्योग, पर्यटन, संस्कृति एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत थे, जहां उनके कार्यों की सराहना की जाती रही है।
शैक्षणिक और पारिवारिक दृष्टि से भी डॉ. तिवारी का परिवार अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है। उनके दोनों छोटे भाई डॉ. कामाख्या नारायण तिवारी और डॉ. आशुतोष तिवारी दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन राजकुमारी हैं। प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता का यह संगम क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
उनकी पदोन्नति की खबर मिलते ही सिसवन प्रखंड और आसपास के गांवों में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। रमेश तिवारी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए कहा कि डॉ. देव कृष्ण तिवारी की यह उपलब्धि पूरे सिसवन प्रखंड के लिए गर्व की बात है और इससे क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर रमेश तिवारी, बांके बिहारी दुबे, श्याम नारायण तिवारी, शैलेश तिवारी, महेश तिवारी, कमलदेव तिवारी, वीरेंद्र तिवारी और बृजेश सिंह सहित कई ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

