शराब कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सख्ती जारी
सिवान (बिहार): सिसवन थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत दर्ज एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में सिनसिनिया निवासी सुभाष साहनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस संबंध में मंगलवार को सिसवन थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने जानकारी दी।
थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुभाष साहनी के खिलाफ सिसवन थाना में शराब कांड संख्या 406/25, धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। छापेमारी के दौरान उसे सफलतापूर्वक पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सिवान न्यायालय भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और शराब से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि शराब कांड में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

