सोनपुर मेला में रेड क्रॉस सोसाइटी सारण का मॉक ड्रिल और जागरूकता रैली, हजारों श्रद्धालुओं को मिल रही निरंतर सहायता
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला इस वर्ष रेड क्रॉस सोसाइटी सारण की सेवा, समर्पण और अनुशासन के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बन रहा है। पिछले एक माह से रेड क्रॉस सोसाइटी सारण द्वारा आपदा प्रबंधन शिविर और प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में रेड क्रॉस टीम ने आपदा की स्थिति में राहत एवं प्राथमिक उपचार पर आधारित मॉक ड्रिल का प्रभावी प्रदर्शन किया। टीम की तत्परता, प्रशिक्षण और अनुशासन को देखकर उपस्थित लोगों ने भरपूर सराहना की और कहा कि ऐसी तैयारियां बड़े आयोजनों में बेहद जरूरी हैं।
इधर, जागरूकता रैली ने भी मेले में खास आकर्षण पैदा किया। रेड क्रॉस सोसाइटी सारण के बैनर तले सेंट्रल पब्लिक स्कूल छपरा की बैंड पार्टी और सैकड़ों विद्यार्थियों ने सोनपुर मेला परिसर में भव्य रैली निकाली। रैली को हरी झंडी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सोनपुर प्रीतीश कुमार ने दी। इस दौरान ‘पहले सुरक्षा, फिर यात्रा’, ‘आपदा में राहत’, ‘प्राथमिक उपचार जीवन रक्षक कौशल’ जैसे संदेशों ने मेले में आए लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे प्रदेश समन्वयक जूनियर रेड क्रॉस सोसायटी सह जिला प्रतिनिधि सारण डॉ. हरेंद्र सिंह, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर राहुल कुमार, एसडीआरएफ सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार, सिविल डिफेंस के टीम लीडर कुंदन कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी सारण के सदस्य उमाशंकर गिरि, अमन राज और अनेक स्वयंसेवक, जिनमें मनीष गुप्ता, सोनू कुमार, विवेक कुमार, संजय पासवान, सचिन कुमार, रौशन कुमार और अन्य शामिल थे।
रेड क्रॉस टीम द्वारा मेले में बेहोशी, घायल व्यक्तियों, भीड़ नियंत्रण, साँप काटने, दुर्घटनाओं तथा बुजुर्गों की सहायता जैसे मामलों में निरंतर सेवाएं दी जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान 120 लड़के एवं लड़कियों को जूनियर और युवा रेड क्रॉस सोसाइटी की सदस्यता भी प्रदान की गई।
मॉक ड्रिल को संबोधित करते हुए डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस केवल संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मेले में आने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित और स्वस्थ अपने घर लौटे।
सभास्थल पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल छपरा के शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, शिवशंकर कुमार, अभिनास कुमार, शिक्षिका शारदा शर्मा, विद्योत्मा कुमारी तथा सेंट्रल पब्लिक स्कूल कल्याणपुर के शिक्षक गौरव कुमार, प्रगति सिंह, संतोष कुमार सिंह, मिश्रा सर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

