रोहतक में स्त्री शक्ति संगठन का वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह, 100 उत्कृष्ट महिलाओं को मिला सम्मान
रोहतक (हरियाणा) संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी:— स्त्री शक्ति संगठन द्वारा 7 दिसंबर 2025, दिन रविवार को रोहतक स्थित श्री लालनाथ हिंदू कॉलेज में वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की मुख्य अध्यक्ष ममता शर्मा तथा उनकी टीम ने किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश–विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियों और समाजसेवी महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनजीत मलिक उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि मीना राठी, सरोज राठी और प्रीति जायसवाल रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर अनिल तनेजा ने की। संयोजक की भूमिका ममता भोला ने निभाई। संरक्षक मंडल में डॉ. अनूप कुमार बंसल, मधु कांत, महेश गौतम, डॉ. जयभगवान और डॉ. श्याम लाल कौशल शामिल रहे। इसके साथ ही संगठन की महत्वपूर्ण सदस्य अर्चना कोचर, अंजना गर्ग, डॉ. कंचन मखीजा, कीर्ति चुग, पवन गहलोत, सुमन जाजू, संगीता, सांची, काजल सहित अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक उपस्थिति दर्ज कराई।
स्त्री शक्ति संगठन समय-समय पर महिलाओं के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करता रहा है, जिनमें देश–विदेश की महिलाएं विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखती हैं। उनके विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष भी संगठन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली लगभग 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया। जो सदस्य उपस्थित नहीं हो सकीं, उन्हें सम्मान पत्र डाक द्वारा भेजा जाएगा।
इस अवसर पर डी.एस.ओ. अकैडमी की छात्राओं ने योग एवं जिम्नास्टिक का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। डॉक्टर मधुकांत द्वारा लिखित नाटक ‘भ्रूण हत्या एक श्राप’ का भावनात्मक मंचन भी किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
संगठन की दृष्टि स्पष्ट है—भारतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने का संकल्प। संगठन महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और कौशल-युक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। युवाओं को इस मिशन से जोड़कर एक सुरक्षित, सशक्त और सतत भविष्य का निर्माण इसका प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य अनिल तनेजा ने स्त्री शक्ति संगठन के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की संपूर्ण सफलता ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों में उत्साह भर दिया और उन्हें आगे भी समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।

