भाजयुमो का “स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ” अभियान, लोकल उत्पादों के उपयोग का आह्वान
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के शनिचरा बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से “स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ” अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और विदेशी सामान के बहिष्कार का संकल्प लेने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी का उपयोग अत्यंत आवश्यक है और यह अभियान उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
भाजयुमो नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत सुई से लेकर हवाई जहाज तक का निर्माण कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वह स्वदेशी को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाए। कार्यकर्ताओं ने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं और अपने पूरे परिवार को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर भाजयुमो के उमेश तिवारी ने कहा कि विदेशी सामान का बहिष्कार कर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना समय की मांग है। लोकल सामानों के उपयोग से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि लोकल अनाज के उत्पादन और उपयोग से स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा और गांव, गरीब तथा किसान की समृद्धि सुनिश्चित होगी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कपड़ा, अनाज, जूता सहित दैनिक उपयोग की अधिकतम वस्तुएं यदि स्थानीय स्तर पर बनाई और उपयोग की जाएं, तो देश का धन देश में ही रहेगा। इससे आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा और भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों के लोगों से आगे आने की अपील की गई।
इस अभियान में मनोज प्रसाद, अमरनाथ तिवारी, ज्ञानेश्वर तिवारी, मनोज सिंह, पूजा कुमारी, मोतीलाल शर्मा, संजीव श्रीवास्तव, बसंत कुमार, ढुंन मून सिंह सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।

