माँ चन्द्रावती ज्योतिष एवं वैदिक अनुष्ठान केंद्र का उद्घाटन, सुधांशु रंजन ने किया शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के चेफुल गांव में माँ चन्द्रावती ज्योतिष एवं वैदिक अनुष्ठान केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में सारण के राजद नेता सुधांशु रंजन ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति से कार्यक्रम धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।
उद्घाटन के दौरान सुधांशु रंजन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के वैदिक एवं ज्योतिषीय परामर्श केंद्र खुलने से लोगों को धार्मिक अनुष्ठानों और जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से आचार्य तरुण कुमार पाण्डेय द्वारा जन्मपत्री विश्लेषण, ग्रह शांति पूजा, वास्तु परामर्श, मुंडन, विवाह, गृह प्रवेश सहित अनेक महत्वपूर्ण वैदिक अनुष्ठानों के लिए परामर्श एवं आयोजन किया जाएगा।
मौके पर आचार्य तरुण कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि माँ चन्द्रावती देवी वैदिक अनुष्ठान केंद्र का उद्देश्य लोगों के जीवन में आने वाली विभिन्न समस्याओं का वैदिक विधि से समाधान प्रस्तुत करना है। उन्होंने बताया कि बच्चों के करियर, विवाह, स्वास्थ्य एवं पारिवारिक सुख-शांति से जुड़ी परेशानियों के समाधान हेतु कुंडली देखकर ग्रहों की दशा-दिशा का विश्लेषण किया जाता है और उसी आधार पर वैदिक उपाय सुझाए जाते हैं।
आचार्य पाण्डेय ने बताया कि केंद्र में अशुभ ग्रहों के प्रभाव को शांत करने के लिए विशेष ग्रह शांति पूजा, मंत्र जाप, पितृ दोष निवारण सहित विभिन्न अनुष्ठान कराए जाते हैं। इसके साथ ही विवाह, नामकरण, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों को शुद्ध वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि घर या कार्यस्थल में वास्तु दोष से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए यहां वास्तु शास्त्र के अनुसार परामर्श और उपाय भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों एवं ग्रामीणों को आचार्य तरुण कुमार पाण्डेय द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद लोगों में केंद्र को लेकर उत्साह देखा गया और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए एक उपयोगी एवं आध्यात्मिक पहल बताया।

