मांझी में पूर्व मुखिया के पुत्र विवेक सिंह का अंतिम संस्कार, कैबिनेट मंत्री सहित सैकड़ों लोगों ने दी अंतिम विदाई
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: जैतपुर पंचायत के पूर्व मुखिया जयप्रकाश सिंह उर्फ जई सिंह के 35 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार सिंह उर्फ विक्की सिंह का मंगलवार को मांझी श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय कुमार सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। मृतक विवेक, मंत्री संजय कुमार सिंह के एकलौते भगिना थे, जिससे पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार विवेक सिंह पिछले कुछ दिनों से पेट में संक्रमण से पीड़ित थे। उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें पटना स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार की सुबह उनका निधन हो गया। विवेक के चचेरे भाई रिंकू सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। मृतक ईंट-भट्ठा संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। चार पुत्रियों के बीच एकलौते पुत्र के असामयिक निधन ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अंतिम दर्शन के दौरान मंत्री संजय कुमार सिंह भी अपने भगिना को देख भावुक हो उठे। बताया जाता है कि हाल ही में विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान विवेक लगभग डेढ़ महीने तक मंत्री के साथ सक्रिय रहे थे तथा जीत के बाद मामा को विजयश्री माला पहनाने का सौभाग्य भी उन्हें प्राप्त हुआ था।
श्मशान घाट पर मंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया और नगर पंचायत कर्मियों द्वारा रास्तों व घाट की विशेष साफ-सफाई कराई गई। क्षेत्र में विवेक के निधन को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

