एकमा: विधायक धूमल सिंह ने दो महिलाओं को दिया आपदा सहायता का चेक, अधिकारियों को समयपालन का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा प्रखंड सभागार में प्रखंड प्रमुख अंजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने आपदा सहायता के तहत दो पीड़ित महिलाओं को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस आर्थिक सहयोग से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सभा में बीडीओ डॉ. अरुण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने विधायक धूमल सिंह को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर विधायक ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे समय पर कार्यालय पहुंचे और जनता की समस्याओं को किसी भी स्थिति में अनदेखा न करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और विधायक के संबोधन का स्वागत किया।

