सारण: 12 घंटे बाद मिला दाहा नदी में डूबे बालक का शव, परिजनों में मचा कोहराम
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के रनपट्टी गांव में बुधवार शाम हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया, जब गांव निवासी साहेब महतो का सात वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार दाहा नदी में डूब गया। घटना के लगभग 12 घंटे बाद गुरुवार सुबह उसका शव बरामद किया जा सका। जानकारी के अनुसार अनुराग अपनी बड़ी बहन के साथ नदी किनारे खेल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उसकी बहन मदद के लिए पुकार भी नहीं कर सकी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण रातभर टॉर्च व नाव की सहायता से खोजबीन में जुटे रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों के अथक प्रयासों के बाद अनुराग का शव दाहा नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

