सिसवन में संविधान दिवस पर अधिकारियों और कर्मियों ने ली शपथ, प्रखंड मुख्यालय पर हुआ कार्यक्रम
सिवान (बिहार): संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को सिसवन प्रखंड मुख्यालय पर विधिवत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने संविधान की भावना, मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली।
इसके साथ ही प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मियों ने भी सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है और इसके पालन से ही समाज में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता की भावना मजबूत होती है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से सभी कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति ईमानदारी और संवेदनशीलता से कार्य करने का संदेश दिया गया।

