सारण: झारखंड पुलिस के सिपाही उपेंद्र सिंह का शव पहुंचते ही फूट-फूटकर रोए परिजन
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: जमशेदपुर में तैनात झारखंड पुलिस के सिपाही उपेंद्र कुमार सिंह का पार्थिव शरीर रविवार की सुबह जैसे ही उनके पैतृक आवास नटवर परशुराम गांव पहुंचा, पूरे गांव का माहौल मातमी हो गया। दरवाजे पर मौजूद परिजन और ग्रामीणों का रुदन-क्रंदन हृदय विदारक था। मृतक के मिलनसार और सरल स्वभाव को याद करते हुए ग्रामीण नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे थे।
समाज के सभी वर्गों से जुड़े लोगों की भारी भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। गांव से निकली शवयात्रा में मुखिया मुन्ना साह, पूर्व मुखिया परमहंस प्रसाद, जदयू नेता अजय सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध था।
इसके बाद रिविलगंज के सेमरिया श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया जब मृतक के 10 वर्षीय पुत्र हार्दिक कुमार ने अपने पिता को अश्रुपूरित नेत्रों से मुखाग्नि दी। यह क्षण उपस्थित हर व्यक्ति को गहरे तक झकझोर गया।
बताते चलें कि शुक्रवार की देर रात रांची के धुर्वा डैम में कार दुर्घटना होने के बाद डूबने से सिपाही उपेंद्र कुमार सिंह सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उपेंद्र सिंह, मांझी थाना क्षेत्र के नटवर परशुराम गांव निवासी चंदेश्वर सिंह के पुत्र थे और जमशेदपुर में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के बॉडीगार्ड के रूप में तैनात थे।

