सारण पुलिस की त्वरित कार्रवाई: महिला की हत्या कर शव छिपाने वाला आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में दाउदपुर थाना पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए एक महिला की हत्या कर शव छिपाने की कोशिश कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बुधवार की रात लगभग 8:30 बजे दाउदपुर थाना क्षेत्र के मैरवा दाउदपुर गांव की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का आरोपी मिंटू कुमार सिंह, पिता-दरोगा सिंह, निवासी गम्हरिया, थाना जलालपुर, जिला-सारण से ₹1500 के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। मिंटू कुमार सिंह पेशे से फुटकर सब्जी एवं अनाज विक्रेता है, जो गांव-गांव घूमकर सामान बेचता था।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर की रात दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को पास के चंवर के पानी में खरपतवार के बीच छिपाने का प्रयास किया। इसी दौरान चमरहिया मेला से लौट रहे ग्रामीणों ने आरोपी को संदिग्ध स्थिति में देखा और पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में मृतका के परिजन के बयान पर दाउदपुर थाना कांड संख्या-259/25 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

