सड़क हादसे में एक, जमीन विवाद में चार लोग जख्मी
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर-रसूलपुर मुख्य मार्ग पर मेंहदार गेट के सामने बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल की पहचान अश्विनी कुमार, पिता प्रमोद कुमार शाह, निवासी एकमा (छपरा) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, अश्विनी कुमार एकमा से चैनपुर किसी कार्य से आ रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी क्लीनिक में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उधर, सिसवन थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो गई। इस दौरान दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में चान्दनी कुमारी, हीरालाल साह, सुभावती देवी और मनीष कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था, जो बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

