मांझी के लाल मनोज कुमार सिंह बने इंदौर ग्रामीण रेंज के डीआईजी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत मुबारकपुर पंचायत के गौरव मनोज कुमार सिंह को मध्य प्रदेश में नई जिम्मेदारी मिली है। वे अब तक धार जिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे और अब उन्हें पुलिस उपमहानिरीक्षक ग्रामीण रेंज इंदौर के पद पर पदस्थापित किया गया है।
इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। ग्रामीणों और परिजनों ने इसे न केवल परिवार और गांव बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। मनोज कुमार सिंह स्वर्गीय शिक्षक शिव जतन सिंह के सुपुत्र हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने धार जिले में कई बड़े अपराधियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
पूर्व मुखिया राहुल प्रकाश ने पत्रकारों को बताया कि मनोज कुमार सिंह की पदोन्नति से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है और लोग बेहद प्रसन्न हैं। वहीं, पूर्व मुखिया जितेंद्र सिंह, सरपंच भरत सिंह, अनिल सिंह, हरिमोहन सिंह उर्फ गुड्डू, प्रमोद सिंह समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।