सारण पुलिस ने साधपुर बल्ली तालाब हत्याकांड का किया सफल उद्भेदन, एक आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने कोपा थाना क्षेत्र के साधपुर बल्ली तालाब से बरामद सर कटा शव हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 16 अगस्त को तालाब से अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में कोपा थाना कांड संख्या 215/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विद्यासागर यादव उर्फ बब्लू, पिता सिपाही यादव, निवासी सरहरवा, थाना दरौली, जिला सिवान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार बदले की भावना में हत्या की गई थी, जिसमें उसके सहयोगी भी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मृतक देवरिया जिले में हत्या के एक मामले में वांछित था और उत्तर प्रदेश सरकार ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मृतक पर उत्तर प्रदेश और बिहार में कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
गिरफ्तार अभियुक्त विद्यासागर यादव का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर दरौली, असाव, जीरादेई और मैरवा थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस सफलता में कोपा थानाध्यक्ष, थाना के अन्य पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई, सारण की टीम ने अहम भूमिका निभाई।