चैनपुर और सिसवन थाने की कार्रवाई: कई आरोपी और वारंटी गिरफ्तार
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड में पुलिस ने शुक्रवार को लगातार कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया। चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि 10-12 की संख्या में कुछ लोग चैनपुर थाना में घुसकर पुलिस के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे थे। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर रामपुर गांव निवासी निजामुद्दीन आलम, जुनेद आलम और इकबाल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
इसी दौरान चैनपुर थाना पुलिस ने पूर्व के मामलों में फरार चल रहे तीन वारंटियों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार वारंटियों में नया गांव निवासी सोनू राम, चंदन राम और प्रकाश राम शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीवान न्यायालय भेज दिया।
वहीं सिसवन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उसकी पहचान चांदपुर गांव निवासी अनिल साह के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष टुनटुन कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।