सिसवन में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा महेंद्रनाथ धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सिवान (बिहार): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सिसवन प्रखंड के ऐतिहासिक बाबा महेंद्रनाथ धाम सहित प्रखंड के विभिन्न छोटे-बड़े मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
बाबा महेंद्रनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के गांवों और कस्बों से आए लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।
बताया गया कि इस अवसर पर लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।