घुरघाट पंचायत पहुंचे विधायक व्यास सिंह, ग्रामीणों ने रखी समस्याएं
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के घुरघाट पंचायत में सोमवार को भाजपा विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय और पंचायत स्तरीय कई समस्याओं को उनके सामने रखा।
स्थानीय मुखिया शैलेश तिवारी ने विधायक के समक्ष घुरघाट मध्य विद्यालय की समस्या प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि विद्यालय को उत्क्रमित उच्च विद्यालय का दर्जा मिल चुका है, लेकिन अब भी यह दूसरे स्थान पर संचालित हो रहा है। इसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मुखिया ने विद्यालय की समस्या के साथ-साथ पंचायत से जुड़ी अन्य परेशानियां भी विधायक को बताईं। इस पर विधायक व्यास सिंह ने सभी समस्याओं का समाधान जल्द करने का आश्वासन दिया और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
इस मौके पर रमेश तिवारी, देवेंद्र तिवारी, संजीव कुमार सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक की मौजूदगी में लोगों ने अपनी समस्याओं को साझा किया और उनके समाधान की उम्मीद जताई।