मांझी विधानसभा से पंकज सिंह ने जताई दावेदारी, भाजपा से टिकट मिलने पर लड़ेंगे चुनाव
मांझी विधानसभा चुनाव 2025: भाजपा नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज सिंह ने अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि टिकट मिलने पर भाजपा से चुनाव लड़ेंगे और वर्तमान विधायक सतेन्द्र यादव पर विकास न करने का आरोप लगाया।
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता पंकज सिंह ने आगामी मांझी विधानसभा चुनाव 2025 में अपनी दावेदारी पेश की है। अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे पिछले 30 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सक्रिय सदस्य रहे हैं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त है।
पंकज सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें पार्टी से टिकट मिलता है तो वे पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में निर्दलीय उम्मीदवार को वोट न दें और भाजपा को ही समर्थन दें।
वर्तमान विधायक पर निशाना
पंकज सिंह ने मांझी विधानसभा के वर्तमान विधायक डॉ. सतेन्द्र यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि “विधायक ने केवल यादव-राजपूत समाज के बीच खाई पैदा करने का काम किया है, लेकिन विकास कार्य शून्य रहा है।”
विकास के मुद्दे पर जोर
भाजपा नेता ने कहा कि मांझी क्षेत्र आज भी विकास से कोसों दूर है। पूर्व में जब वे जिला परिषद सदस्य रहे, तब कई योजनाएं लागू की गई थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के नेतृत्व में मांझी और महाराजगंज क्षेत्र में सड़कों से लेकर अटल घाट और अन्य विकास योजनाओं का काम जमीन पर दिख रहा है।