सारण समाहरणालय के कर्मियों की हड़ताल 24वें दिन भी जारी, कामकाज ठप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ की ओर से 10 सूत्री मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को 24वें दिन भी जारी रही। सारण समाहरणालय के साथ-साथ प्रखंड, अंचल और अनुमंडल कार्यालयों के सभी कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों में राज्य स्तरीय सचिव सैयद मोहम्मद नजमी, जिला सचिव निखिल कुमार सिंह, राजीव कुमार, प्रेम प्रकाश सिंह, राकेश कुमार रौशन, शुभम कुमार मिश्रा, ब्रिज किशोर प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार चौधरी, प्रदीप कुमार चौधरी, चंद्र भूषण, ललन कुमार, अवशेष सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मी शामिल हैं।
कर्मचारियों की इस हड़ताल से समाहरणालय समेत प्रखंड और अनुमंडल कार्यालयों का सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित है। जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बाधित हो गया है और आमजन को अपने कार्यों के निष्पादन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर अभिलेखागार कार्यालय में कामकाज पूरी तरह से ठप है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं, लेकिन कर्मियों के हड़ताल पर रहने के कारण उन्हें काम नहीं होने पर मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
हड़ताल को लेकर कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, अब तक सरकार ने इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।