सिसवन में बारिश और विवाद से जुड़ी घटनाओं में कई घायल, एक युवती सिवान रेफर
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। तेज बारिश के दौरान सिसवन–माँझी मुख्य सड़क पर बाइक फिसलने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रिविलगंज निवासी मंटू गुप्ता और उनकी पत्नी रोहिणी देवी के रूप में की गई। बारिश के चलते फिसलन भरी सड़क पर बाइक असंतुलित होकर गिर गई। दोनों को स्थानीय निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।
इसी दिन थाना क्षेत्र के माधोपुर टरेनवा गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों में बैजनाथ यादव का पुत्र बबन यादव, जगदेव यादव की पत्नी कलावती देवी, बबन यादव का पुत्र हरेंद्र यादव और राजन यादव की पत्नी विद्यावती देवी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
वहीं सिसवन थाना क्षेत्र के एक गांव में छत से गिरकर एक युवती घायल हो गई। घायल युवती की पहचान नेपाल सिंह की पुत्री स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह छत पर कपड़ा सुखाने गई थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सिवान रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा एक अन्य घटना में आपसी विवाद में मारपीट के दौरान राजेंद्र राम की पत्नी दुलारी देवी घायल हो गईं। उन्हें सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।