डॉ बी राजेंद्र बने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव!
बिहार सरकार ने किया बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला
पटना (बिहार): बिहार सरकार ने सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इसके तहत मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ को विकास आयुक्त, बिहार के पद पर पदस्थापित किया गया है। यह व्यवस्था 1 सितम्बर 2025 से प्रभावी होगी।
अधिसूचना के अनुसार, डॉ. सिद्धार्थ (भा.प्र.से.-1991) मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार में थे। अब उन्हें विकास आयुक्त बनाया गया है।
इसी तरह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती हरजोत कौर बम्हरा (भा.प्र.से.-1992) को अध्यक्ष-सह-सदस्य, राजस्व पर्षद, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी (भा.प्र.से.-1995) को अगले आदेश तक मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर (भा.प्र.से.-1995), जो पहले से ही जन शिकायत, खेल विभाग, प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी एवं बिपार्ड के अतिरिक्त प्रभार में थे, अब उन्हें शिक्षा विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनन्द किशोर (भा.प्र.से.-1996) जो वित्त विभाग के प्रधान सचिव के रूप में भी कार्यरत हैं, उन्हें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन तमाम तबादलों एवं दायित्वों का प्रभाव 1 सितम्बर 2025 से होगा। यह आदेश राज्यपाल के अनुमोदन से जारी किया गया है।