ससुराल गए युवक की हत्या, सड़क किनारे मिला शव!
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के मठनपुरा निवासी अजीत राम की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अजीत राम गुरुवार की शाम सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के भाटी गांव स्थित अपने ससुराल गए थे। शुक्रवार की सुबह उनका शव ससुराल से लगभग दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता देवराज राम ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने सुनियोजित साजिश के तहत अजीत की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया है। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी दोनों परिवारों में विवाद हो चुका था। मृतक की शादी आठ वर्ष पूर्व भाटी गांव निवासी सुरेंद्र राम की पुत्री से हुई थी। अजीत दिल्ली में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उन्हें एक पुत्र और एक पुत्री है।
घटना की जानकारी मिलने पर रघुनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया। रघुनाथपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
शनिवार की सुबह जब शव मठनपुरा पहुंचा तो पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इस दौरान महम्मदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेन्द्र उपाध्याय और सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह उर्फ बिगन सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

