सिसवन के बखरी में 9 अगस्त से संत सम्मेलन, दो लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के बखरी गांव स्थित आनंद बाग मठ और सुंदर बाग मठ में 9 अगस्त से शुरू होने वाले दो दिवसीय संत सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए मठ प्रबंधन और प्रशासन मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं।
तैयारियों की समीक्षा को लेकर सिसवन के अंचलाधिकारी पंकज कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने मठ के महंत राजबल्लभ दास उर्फ जंगली दास के साथ बैठक की। बैठक में संत सम्मेलन और मेले के दौरान मठ और आसपास के क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान तय किया गया कि सम्मेलन स्थल पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल और महिला पुलिस बल की तैनाती होगी। साथ ही पार्किंग की व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष की स्थापना, मेला क्षेत्र में समुचित रोशनी, ध्वनि विस्तारक यंत्र की सुविधा, जल जमाव वाले स्थानों की बेरिकेडिंग आदि की व्यवस्था की जाएगी।
सीओ पंकज कुमार ने बताया कि मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, महंत राजबल्लभ दास ने बताया कि इस बार संत सम्मेलन में देशभर से लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
इस अवसर पर माधव जी राय, विद्यासागर यादव, पुण्यदेव यादव, रामकृष्ण भगत, सतन यादव, चिंताहरण सिंह और योगेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

