ऑपरेशन “नया सवेरा” में बड़ी सफलता: 7 नाबालिग लड़कियां और 1 लड़का मुक्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “नया सवेरा” के तहत सारण पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में महिला थाना की टीम ने खैरा, मुफ्फसिल और परसा थाना क्षेत्र के आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 7 नाबालिग लड़कियों और 1 नाबालिग लड़के को जबरन नृत्य करवाए जाने की स्थिति से मुक्त कराया। इनमें पश्चिम बंगाल की 5 और बिहार की 2 लड़कियां शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आर्केस्ट्रा संचालकों — विवेक कुमार (मदापुर, भेल्दी), रामाशंकर कुमार (खैरा कृष्णा चौक), विनय कुमार (लोहा टोला खैरा) और मुकेश कुमार सिंह (तेरसिया, गंगाब्रिज, वैशाली) — को गिरफ्तार किया। इस संबंध में महिला थाना में कांड संख्या 75/25 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान मई 2024 से अब तक सारण जिले में कुल 222 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है, 28 मामले दर्ज किए गए हैं और 83 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
छापामारी दल में महिला थाना, खैरा, मुफ्फसिल और परसा थाना पुलिस, एएचटीयू सारण, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल थे।
सारण पुलिस ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि महिलाओं या लड़कियों के शोषण की जानकारी रखता है तो “आवाज दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचित करें। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।