सारण में ऑपरेशन "नया सवेरा" की बड़ी सफलता, 10 लड़कियां मुक्त, 7 आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार
सारण (बिहार): बिहार पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन "नया सवेरा" के तहत सारण पुलिस ने आज अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लड़कियों को जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य कराने से मुक्त कराया और 7 आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर महिला थाना और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने इसुआपुर थाना क्षेत्र के राहुल, संगीता, मुस्कान और विपिन आर्केस्ट्रा में विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पश्चिम बंगाल की 6, उड़ीसा की 1, झारखंड की 1 और बिहार की 2 लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग है।
पुलिस ने इस संबंध में महिला थाना में कांड संख्या-74/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में मशरक, खैरा, मढ़ौरा और इसुआपुर थाना क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। छापेमारी दल में महिला थाना, इसुआपुर थाना, ए.एच.टी.यू. सारण, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल थे।
मई 2024 से अब तक सारण पुलिस ने इस विशेष अभियान में 215 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया है, 27 कांड दर्ज किए हैं और 79 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि यदि किसी महिला के साथ शोषण हो रहा है तो "आवाज दो" हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।