माँझी में आशा कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन, मानदेय की माँग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी!
सारण (बिहार): अपनी माँगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे शुरू होकर दोपहर 3:00 बजे तक चला, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा हमसे लगातार विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और योजनाओं में भरपूर काम लिया जाता है, लेकिन इसके एवज में हमें समुचित मानदेय नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें केवल प्रोत्साहन राशि पर निर्भर रहना पड़ता है, जो अन्यायपूर्ण है।
आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख माँग थी कि उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और प्रोत्साहन राशि के स्थान पर नियमित मानदेय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी माँगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को विवश होंगी।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं, जिनकी आवाज़ें क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही इस माँग को और मुखर करती रहीं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन उनके तेवर कड़े थे।