पूर्व विवाद में चाकूबाजी, युवक गंभीर रूप से घायल, चार घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार मोहल्ले में सोमवार को पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई, जो बाद में चाकूबाजी में बदल गई। इस घटना में स्थानीय निवासी सेराज खान, पिता मुन्ना खान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि पहले गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई, फिर सुबोध सिंह ने चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानबाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल से फर्दबयान दर्ज किया, जिसके आधार पर थाना में कांड संख्या 433/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने नामजद दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की और महज चार घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुबोध सिंह, पिता अमरूद्धी सिंह, निवासी कटरा नेवाजी टोला, थाना रिविलगंज और बजरंगी मियां, पिता बुढ़ा मियां, निवासी इनई बाजार छोटी मस्जिद, थाना भगवानबाजार के रूप में की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि शांति बनी रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की है।

