कालाजार होगा खत्म: सिंथेटिक पाइरोथाइराइड का छिड़काव अभियान का शुभारंभ!
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड में कालाजार को जड़ से मिटाने के लिए व्यापक अभियान शुरु किया गया है। मांझी प्रखंड के सभी पंचायतों में सिंथेटिक पाइरोथाइराइड का छिड़काव कार्य आज से शुरू किया गया। गुरुवार को छिड़काव कार्यक्रम का शुभारंभ मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने किया। इस अवसर पर श्री कुमार ने बताया कि कालाजार मुक्त करने के लिए मांझी प्रखंड के सभी गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कालाजार लिशमेनिया डोनोवानी नामक रोगाणु के कारण होता है, जो बालू मक्खी के काटने से फैलता है। यह रोग एक व्यक्ति से दूसरे में भी संचारित हो सकता है। उन्होंने बताया कि गर्मी में विशेष सतर्कता जरूरी है। घरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। तभी हमें कालाजार से मुक्ति मिल सकती है। इस अवसर पर डॉ. मोनल, स्वास्थ्य प्रबंधक राम मूर्ति, बीसीएम विवेक ब्याहुत, अरविंद कुमार आदि भी मौजूद थे।