छपरा में भारत स्काउट और गाइड ने महादलित टोलों में चलाया मतदाता जागरूकता अभियान!
गणना फॉर्म भरने और सत्यापन को लेकर किया प्रेरित, अधिकारियों ने की सराहना!
सारण (बिहार): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत भारत स्काउट और गाइड, सारण द्वारा छपरा नगर के प्रभुनाथ नगर स्थित दलित एवं महादलित टोलों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और पहली बार वोट देने वालों को गणना फॉर्म भरकर मतदाता सूची में सत्यापन कराने हेतु जागरूक करना था।
स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को इस कार्यक्रम की जानकारी दी और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रपत्र भरने हेतु प्रेरित किया। अभियान के दौरान जागरूकता पर्चे भी वितरित किए गए ताकि लोग बाद में भी पर्चे की मदद से जानकारी हासिल कर सकें।
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने बताया कि यह अभियान चुनाव कार्यालय से प्राप्त सामग्री के माध्यम से चलाया गया, जिसमें सूचना पर्चे के वितरण से लोगों को जानकारी देने में मदद मिली।
इस कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी सारण जावेद इकबाल, कला-संस्कृति पदाधिकारी डॉ. विभा भारती और जिला शिक्षा पदाधिकारी सह सभापति, भारत स्काउट और गाइड, सारण निशांत किरण ने भाग लिया और स्काउट व गाइड के कार्यों की सराहना की।
उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने कहा कि “वंचित तबकों तक इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ लोकतंत्र की मजबूती में अहम भूमिका निभाती हैं।”
डॉ. विभा भारती ने कहा कि स्काउट और गाइड संगठन आगे भी दलित-महादलित बस्तियों में जागरूकता अभियान जारी रखेगा ताकि लोकतांत्रिक अधिकारों की जानकारी हर वर्ग तक पहुंच सके।
इस अभियान का नेतृत्व जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह ने किया। अभियान में जिला आयुक्त (स्काउट) अरुण परासर के साथ स्वयंसेवक सोनू कुमार गुप्ता, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, खुशी कुमारी, चांदनी कुमारी सहित कई स्काउट-गाइड ने भाग लिया। इन युवाओं ने जनसंवाद, पर्चा वितरण और पोस्टर के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाया।