एकमा थाना क्षेत्र के रौशन सिंह हत्याकांड का सफल उद्भेदन, एक अभियुक्त गिरफ्तार!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव निवासी रौशन सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना 20 जुलाई 2025 को घटित हुई थी, जब अज्ञात हमलावरों ने रौशन सिंह को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के संबंध में एकमा थाना में कांड संख्या 277/25, दिनांक 21 जुलाई 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त उपेन्द्र कुमार महतो, पिता-मनोज महतो, निवासी चट्टी, थाना एकमा, जिला सारण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसका मृतक रौशन सिंह से पूर्व में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह एकमा थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग मामलों में नामजद रह चुका है, जिनमें गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022, 2023 और 2024 के मामले शामिल हैं। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है, जिसमें उसकी संलिप्तता की पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में एकमा थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने मामले का सफल उद्भेदन करने वाली टीम की सराहना की है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद जताई है।