ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा पर्यावरण जागरूकता की अनूठी पहल!
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए फलदार पौधे: स्वामी अतिदेवानंदजी महाराज
सारण (बिहार): पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व सम्मान को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल के तहत बिहार और उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा मंगलवार को शहर के प्रतिष्ठित रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर में फलदार पौधे लगाए गए। उक्त संस्था की संस्थापिका डॉ अंजू सिंह और आश्रम के सचिव स्वामी अतिदेवानंदजी महाराज ने संयुक्त रूप से की।
रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी अतिदेवानंदजी महाराज ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के माध्यम से प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ने मातृत्व के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ- साथ पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देने का संदेश दिया है। कार्यक्रम में आम, अमरूद, नींबू और बेल जैसे फलदार पौधों का चयन किया गया, जो न केवल पर्यावरण को संजीवनी प्रदान करेंगे बल्कि आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं को भी दीर्घकालिक लाभ पहुंचाएंगे। संस्था की सराहना करते हुए स्वामी अतिदेवानंदजी महाराज ने कहा कि यह कार्य न केवल आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा हुआ है, बल्कि प्रकृति और समाज के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।
वहीं संस्था की संस्थापिका डॉ अंजू सिंह ने कहा कि हमारी मां हमें जीवन देती हैं, और एक पेड़ भी जीवनदायिनी ऑक्सीजन देता है। इस अभियान के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों से अपील करते हैं कि वह अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान पर्यावरणीय चेतना को जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और स्वास्थ्य का उपहार देगा। इस अवसर पर मणि शाही, प्रीति शाही, अनु भारती, ज्योति भारती, अफसाना खातून, आराध्या शाही, पलक कुमारी, सद्दाम हुसैन और अरिजीत सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।