परमहंस दयाल समाधि स्मृति में निकली भव्य पदयात्रा, देश-विदेश से जुटे श्रद्धालु!
माँझी के नंदपुर ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम से निकली पदयात्रा में शामिल हुए 20 हज़ार से अधिक अनुयायी!
सारण (बिहार): माँझी के नंदपुर स्थित ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम से बुधवार को परमहंस दयाल जी महाराज की समाधि स्मृति में भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बीस हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इस विशाल पदयात्रा का नेतृत्व स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने किया।
पदयात्रा में न केवल देश के विभिन्न राज्यों से बल्कि नेपाल और पाकिस्तान से भी बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी स्वामी सत्यानंद जी महाराज के साथ पदयात्रा में भाग लिया।
पदयात्रा नंदपुर ब्रह्म विद्यालय एवं आश्रम से आरंभ होकर माड़ीपुर, मरहा, कोपा जैसे प्रमुख मार्गों से होती हुई छपरा रौजा की ओर रवाना हुई। यात्रा में पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियाँ भारी उत्साह के साथ शामिल हुए। सबसे आगे कीर्तन मंडली गाते हुए चल रही थी, उसके पीछे स्वामी जी महाराज और फिर श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ "जय परमहंस महाराज की" के जयकारों के साथ बढ़ती जा रही थी।
पदयात्रा की व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस-प्रशासन की तैनाती भी की गई थी। सबसे पीछे वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आवश्यक संसाधन मौजूद थे।
पदयात्रा के दौरान पूरा इलाका भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखा, जहाँ हर तरफ धार्मिक संगीत और जयघोष गूंजते रहे।