राम जानकी पथ निर्माण कार्य कल से शुरू करने का निर्देश!
सारण (बिहार): सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने शनिवार को मशरख प्रखंड के चैनपुर क्षेत्र में प्रस्तावित राम जानकी पथ निर्माण कार्य के प्रारंभिक स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर समाहर्ता, दोनों सहायक जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, परियोजना निदेशक (NHAI छपरा), कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल छपरा तथा अंचलाधिकारी मशरख भी मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पथ निर्माण के एलाइनमेंट को चिन्हित करते हुए सभी संबंधित खेसरा को अंकित कर एक बड़ा और स्पष्ट नक्शा तैयार किया जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि मुआवजा राशि से वंचित शेष रैयतों को जल्द से जल्द भुगतान किया जा सके।
उन्होंने संबंधित एजेंसी को भी निर्देशित किया कि पथ निर्माण कार्य कल यानी रविवार से हर हाल में प्रारंभ कर दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि राम जानकी पथ न केवल क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर करेगा बल्कि यह विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और कार्य प्रारंभ से जुड़ी तमाम प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की तत्परता से स्थानीय लोगों में उम्मीद की लहर है कि लंबे समय से प्रतीक्षित राम जानकी पथ का निर्माण अब जल्द ही शुरू होगा।