माँझी में बिहार बंद का आंशिक असर, आगजनी कर सड़क जाम!
सारण (बिहार): महागठबंधन द्वारा आहूत बिहार बंद का असर बुधवार को माँझी में आंशिक रूप से देखा गया। बंद समर्थकों ने माँझी प्रखंड मुख्यालय के समीप टायर जलाकर आगजनी की और बांस-बल्ले लगाकर माँझी–ताजपुर तथा माँझी–एकमा मुख्य मार्ग पर आवागमन को बाधित कर दिया। इस दौरान बंद समर्थकों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
बंद का नेतृत्व राजद अध्यक्ष गुड्डू फौजी और अफजल खान के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम का विरोध करते हुए माँझी प्रखंड मुख्यालय के सामने सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।
सड़क जाम के कारण आम यात्रियों को, विशेष रूप से महिला यात्रियों को, भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद के दौरान वाहन नहीं चलने से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जो आवागमन बहाल होने का इंतजार करती रहीं।
बंद के समर्थन में सुभाष यादव, मुल्तान खान, राकेश यादव और पिंटू यादव समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हुई और आवागमन बहाल कर दिया गया।