मध्यस्थता मामलों को चिन्हित कर केंद्र को भेजने और प्रगति पर हुई समीक्षा बैठक!
सारण, छपरा | 16 जुलाई 2025
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-सह-समन्वयक, मध्यस्थता समिति श्री संदीप पटेल ने की। इस अवसर पर श्री ब्रजेश कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण भी उपस्थित थे।
बैठक में सभी मुंसिफ एवं न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम श्रेणी, सारण शामिल हुए। यह बैठक राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान (90 दिनों) के तहत आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों को मध्यस्थता के ज़रिये सुलझाने की प्रक्रिया को तेज़ करना है।
बैठक में दुर्घटना दावा वाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, कमर्शियल विवाद, सेवा विवाद, अपराधिक सुलहनीय मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, बंटवारा, निष्कासन वाद, भू-अर्जन आदि मामलों को चिन्हित कर मध्यस्थता केंद्र को उपलब्ध कराने एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे इन चिन्हित मामलों को समयबद्ध तरीके से विशेष मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत मध्यस्थता केंद्र, सारण को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित पक्षों को नोटिस भेजकर मध्यस्थता की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।
इस बैठक के माध्यम से न्यायिक व्यवस्था में समझौता आधारित न्याय समाधान को बढ़ावा देने की दिशा में सारण न्यायपालिका की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट हुई है।