प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना- 20 मछुआरों को मिला मत्स्य विपणन किट! जीविकोपार्जन में मिलेगा बल!
सारण (बिहार): मछुआरों की आय को बढ़ावा देना और उन्हें मत्स्य व्यापार में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सारण जिला मुख्यालय स्थित जिला मत्स्य कार्यालय परिसर में मंगलवार को 20 लाभुक मछुआरों के बीच मत्स्य विपणन किट का वितरण किया गया। यह वितरण प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने किया। विपणन किट में आइस बॉक्स, तौल मशीन, प्लास्टिक टब, दस्ताने, मास्क, साफ- सफाई की सामग्री आदि शामिल हैं। इन किटों के माध्यम से मछुआरे अब मछली को बेहतर तरीके से संग्रहित और बाजार तक पहुंचा सकेंगे। इससे न केवल मछलियों की गुणवत्ता बनी रहेगी, बल्कि बाजार में उचित मूल्य भी प्राप्त होगा। विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि लाभान्वित मछुआरों को सरकार और विभाग का आभार प्रकट किया गया।
जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के मत्स्य विक्रेताओं जो सड़क के किनारे, चौक चौराहा, बाजार या हाट सहित विभिन्न जगहों पर मत्स्य विपणन का कार्य करते हैं, उसे लाभान्वित किया जाना है। ऑनलाइन से प्राप्त आवेदन को चयनोपरांत जिले के लगभग दो दर्जन लाभुकों के बीच मत्स्य विपणन किट का वितरण किया गया है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों मिलकर मछुआरों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं, जिनका लाभ समय-समय पर सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। इस किट के माध्यम से उन्हें मछली बेचने में सुविधा मिलेगी और आय में भी वृद्धि होगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मछुआरों को मत्स्य व्यवसाय में साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाये रखने पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उक्त योजना के तहत चयनित मछुआरों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि किट का सदुपयोग करते हुए मत्स्य विपणन को सुदृढ़ कर सकें। विपणन किट प्राप्त करने वाले लाभुकों में चिरकुट महतो, हरेंद्र मांझी, मोतीलाल राम, रमेश प्रसाद, लाल बिहारी प्रसाद, कृष्णा शाह सहित कई अन्य शामिल रहे।