सिसवन प्रखंड में वृद्धा पेंशन बढ़ोतरी की दी गई जानकारी, लाभुकों को मिलेंगे ₹1100 प्रतिमाह!
बिहार सरकार के निर्णय पर लाभुकों ने जताया आभार!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कर्मियों ने वृद्ध पेंशनधारियों को बिहार सरकार द्वारा वृद्धा पेंशन में की गई बढ़ोतरी की जानकारी दी। अब पेंशनधारियों को पहले की ₹400 की जगह प्रतिमाह ₹1100 की सहायता राशि प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह बढ़ी हुई राशि आज से लाभुकों के खातों में भेजी जा रही है। इस निर्णय का उद्देश्य वृद्धजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करना है।
प्रखंड कर्मियों ने लाभुकों को आश्वस्त किया कि बढ़ी हुई पेंशन राशि का भुगतान नियमित रूप से किया जाएगा। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में वे कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मौके पर उपस्थित लाभुकों ने बिहार सरकार के इस सराहनीय कदम के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि इस पेंशन से अब उन्हें जीवन यापन में कुछ राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में लाभुक शामिल रहे।