सिसवन क्षेत्र में सड़क हादसों और आपसी विवाद में छह लोग घायल, सभी का इलाज रेफरल अस्पताल में!
![]() |
/// जगत दर्शन न्यूज |
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड अंतर्गत रविवार को अलग-अलग घटनाओं में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया। सभी घटनाओं की जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी गई।
पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर-सिवान मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक से गिरने से एक बच्चा घायल हो गया। घायल की पहचान शिव बहादुर सिंह के पुत्र अंकुर कुमार सिंह के रूप में हुई। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज हुआ।
दूसरी घटना चैनपुर ओपी क्षेत्र के नगई गांव की है, जहां आपसी विवाद में मारपीट के दौरान अर्जुन प्रसाद का पुत्र सुरेश यादव घायल हो गया। इसी तरह एक अन्य घटना कचनार गांव में हुई, जिसमें राम प्रवेश गिरी का पुत्र राजेंद्र गिरी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों का उपचार सिसवन रेफरल अस्पताल में किया गया।
तीसरी घटना भागर गांव की है, जहां रिश्तेदारी में आए एक युवक को बाइक की टक्कर लग गई। घायल युवक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के कुमार गांव निवासी हरदयाल महतो के पुत्र विजय कुमार महतो के रूप में हुई है। उसे भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं चौथी घटना साईपुर गांव की है, जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में इंग्लिश ठाकुर का पुत्र राजन ठाकुर तथा बुची साह का पुत्र राम प्रीत साह घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं पर ध्यान दिया जाए और जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिले। स्थानीय पुलिस द्वारा मामलों की जांच की जा रही है।