सिसवन प्रखंड के तीन पंचायतों में चला विकसित कृषि संकल्प अभियान, किसानों को दी गई तकनीकी जानकारी!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत रामगढ़, घूरघाट और भागर पंचायत में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को कृषि विभाग के सहायक तकनीकी प्रबंधक दीपक यादव ने अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने किसानों को पीएम फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जैसी लाभकारी सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही धान, अरहर, मक्का जैसी प्रमुख फसलों की वैज्ञानिक खेती की विधियों के साथ-साथ मोटे अनाज जैसे बाजरा, सांवा और कोदो की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एग्री ड्रोन के प्रयोग, जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी भी किसानों को दी गई। किसानों को बताया गया कि इन उन्नत तकनीकों के माध्यम से वे अपनी फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार कर सकते हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उनकी आय में वृद्धि करना है। कार्यक्रम में स्थानीय किसान भारी संख्या में उपस्थित रहे और कृषि विभाग की पहल की सराहना की।