सारण में इस वर्ष 16 लाख से अधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य, शिशु पार्क छपरा के रखरखाव के लिए बनेगी निगरानी समिति!
सारण (बिहार): पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए सारण जिला प्रशासन ने इस वर्ष 16.2 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। इस वृहत अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सोमवार को जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जानकारी दी गई कि यह वृक्षारोपण अभियान वन प्रमंडल सारण, मनरेगा और जीविका के माध्यम से संचालित होगा। इसमें वन प्रमंडल द्वारा 7.63 लाख और मनरेगा/जीविका के माध्यम से 8.57 लाख पौधे लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने पौधशालाओं से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पौधों की ऊंचाई के आधार पर वर्गीकरण तथा नर्सरी निरीक्षण हेतु बीपीएम जीविका एवं पीओ मनरेगा को संयुक्त रूप से दिशा-निर्देश दिए। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट माइक्रो प्लान तैयार करने को कहा गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, डीपीओ मनरेगा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
शिशु पार्क छपरा के रखरखाव के लिए बनेगी निगरानी समिति
इसी दिन छपरा शहर के शिशु पार्क को लेकर भी एक अहम निर्णय लिया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा यह पार्क वन विभाग को मेंटेनेंस हेतु हस्तांतरित किया गया है। इसके बेहतर रखरखाव और विकास के लिए एक पर्यवेक्षण समिति का गठन किया जाएगा।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि इस समिति में वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर छपरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, सहायक निदेशक उद्यान, जिला मत्स्य पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। समिति पार्क के प्रबंधन, सौंदर्यीकरण और जनोपयोगी गतिविधियों की निगरानी करेगी तथा आवश्यक सुझाव देगी।
जिला प्रशासन की इन पहलों को पर्यावरण सुरक्षा, बच्चों की सुविधा और जनहित के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।