नीतीश-लालू से ऊबी जनता को देगी नया विकल्प: NCP लड़ेगी 243 सीटों पर!
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी लड़ेगी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव: ज्ञानेश्वर गौतम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की प्रमुख घटक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बुधवार को छपरा के गोवर्धन पैलेस होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेश्वर गौतम ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पार्टी का संगठन तेजी से बिहार में विस्तार कर रहा है और जनता को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर नवमनोनीत प्रदेश महासचिव मुन्ना सिंह और जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
प्रवक्ता गौतम ने बताया कि मुन्ना सिंह को सारण और सिवान जिलों का प्रभार सौंपा गया है, साथ ही पार्टी की नई इकाई गठित कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने की जिम्मेवारी भी दी गई है।
उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “बिहार में अफसरशाही चरम पर है और शराबबंदी व डोमिसाइल नीति जैसे फैसले आम जनता के साथ एक क्रूर मजाक बनकर रह गए हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि “लालू प्रसाद यादव के जंगलराज और वर्तमान सरकार की विफलताओं से ऊब चुकी जनता अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को एक नए विकल्प के रूप में देख रही है।”
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मीडिया सेल अध्यक्ष रंजन प्रियदर्शी, संदीप कुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, नीरज सिंह उर्फ गांधी जी, पंकज सिंह, शहजाद खान, हरेंद्र सिंह, बंटी सिंह, बालेश्वर राय, राजन सिंह और चुन्नू सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।