एकमा में जमीनी विवाद को लेकर गोलीकांड, दो नामजद अभियुक्त गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी!
सारण (बिहार): जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमदाढ़ी मरवट गांव के समीप बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर एक युवक पर गोली चला दी गई। घटना मरवट पुलिया के पास उस समय हुई जब गुड्डू यादव (पुत्र-धुपनाथ यादव, निवासी-आमदाढ़ी) अपने किसी कार्य से जा रहे थे। तभी घात लगाए तीन लोगों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घायल के फर्द बयान के आधार पर एकमा थाना कांड संख्या-245/25 दर्ज कर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना के पीछे जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के तहत दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
1. अजय कुमार यादव, पिता - रौशन यादव, निवासी - आमदाढ़ी मरवट, थाना - एकमा, जिला - सारण।
2. मुन्ना कुमार यादव, पिता - महंगु यादव, निवासी - आमदाढ़ी मरवट, थाना - एकमा, जिला - सारण।
पुलिस ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें, बल्कि संबंधित थाने को सूचित करें ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।