सिसवन प्रखंड कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास का आयोजन!
योग दिवस: अधिकारियों-कर्मियों ने लिया स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षक द्वारा विभिन्न योगासनों और प्राणायाम के प्रदर्शन से हुई, जिसे उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ दोहराया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के स्वास्थ्य लाभों को प्रचारित करना और सभी को योग के प्रति जागरूक करना था।
योग दिवस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि योग न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि यह मानसिक शांति और तनावमुक्ति के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। सभी ने यह स्वीकार किया कि नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन में अपनाकर वे न केवल खुद को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि अपने कार्यक्षमता में भी वृद्धि कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सिसवन प्रखंड प्रशासन द्वारा किया गया था, जो योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बन गया।