माँझी में जागरूकता अभियान: SSP ने महिलाओं को कानूनी अधिकारों के लिए किया प्रेरित!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: कानूनी जागरूकता उत्पन्न करके महिलाओं को सुरक्षा की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है तथा आत्महत्या व प्रेम प्रसंग के मामलों में अंकुश लगाया जा सकता है। यह बातें सारण के एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने गुरुवार को शिव कैलाश उच्च विद्यालय मटियार के प्राँगण में आयोजित आवाज दो कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि सारण पुलिस द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान से जुड़कर महिलाएं अपने कानूनी अधिकारों को हासिल कर सकती हैं तथा समाज में ब्याप्त कुरीतियों का खात्मा कर सकती हैं। इससे पहले विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह का विधिवत आगाज किया। समारोह में मौजूद मुखिया सुनैना देवी तथा पूर्व मुखिया सुशीला देवी ने फूलों का गुलदस्ता तथा अंगवस्त्र प्रदान कर पुलिस पदाधिकारियों का स्वागत किया। समारोह को एएसपी सँकेत कुमार,टाउन डीएसपी राजकुमार,महिला डीएसपी दीप्ति शर्मा,इंस्पेक्टर बीरेन्द्र सिंह तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार एवम मुखियापति सुमन प्रसाद आदि ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन पीएसआई आरती कुमारी ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में गाँव की महिलाएं उपस्थित थीं।
उधर जातीय विद्वेष के मामले में चर्चित मुबारकपुर गाँव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल लोगों को एसएसपी ने हाथ उठवाकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाने में सहयोग का संकल्प दिलाया। जातीय तनाव खत्म करने के लिए उन्होंने क्रिकेट तथा बॉलीबॉल का आयोजन करने की ग्रामीणों से सलाह दी। मौके पर मौजूद पूर्व मुखिया राहुल प्रकाश सिंह समेत आधा दर्जन ग्रामीणों ने गाँव की ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवम राजनीतिक महत्व की चर्चा करते हुए जातीय उन्माद को उकसाने के लिए गाँव के ही अभिभावकों एवम दूसरे गाँवों से आये नेताओं को जिम्मेवार ठहराया। समारोह में पूर्व मुखिया राहुल प्रकाश सिंह,मोहन सिंह तथा राधेश्याम सिंह आदि लोगों ने पुलिस पदाधिकारियों को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व रामानंद यादव,पूर्व वित्त राज्यमंत्री स्व डॉ प्रभुनाथ सिंह,पूर्व विधायक स्व हजारी सिंह तथा मध्यप्रदेश में पदस्थापित डीआईजी मनोज कुमार सिंह के योगदान की चर्चा की। समारोह को एएसपी सँकेत कुमार एसडीपीओ राजकुमार,डीएसपी दीप्ति शर्मा तथा इंस्पेक्टर बीरेन्द्र सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालन व धन्यवाद ज्ञापन थानाध्यक्ष अमित कुमार ने किया।